इसके बाद आरोपी युवती पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा। जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो उसके परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों को व्हाट्सएप व फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से भेज दिए। इतना ही नहीं, आरोपी लगातार इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए ओबरा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र पहुंची। वहां सूचना मिली कि आरोपी ओवरब्रिज हाईवे (कानपुर रोड) के रास्ते दिल्ली भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। सैनी थाने में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ओबरा लाया गया। यहां पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।