सोनभद्र। त्वरित आर्थिक विकास योजना से जिले में सात ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण एवं विशेष मरम्मत कराई जाएगी। संपर्क मार्गों की मरम्मत कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आईडी) के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने में विभाग जुट गया है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से चोपन ब्लॉक के बिरधी गांव में छतेहरी बार्डर से रैमल बिंद के घर से होते हुए दुरजय बियार के घर तक इंटरकॉलिंग का कार्य कराया जाएगा। इस पर करीब 43 लाख रुपये खर्च आएगा। वहीं ग्राम पंचायत फुलवार में विश्वम्भर चेरो के घर से मलिया नदी तक करीब 56 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। चोपन ब्लॉक के रिजुल गांव में साढ़े 43 लाख की लागत से मेन मार्ग से जमुना टोला तक सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया जाना है। वहीं घोरावल ब्लॉक के खुटहा गांव में सामुदायिक भवन से नहर नई बस्ती तक इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। इसी तरह भड़कना गांव में बंजरिया नहर पुल से नगवां पुल तक संपर्क मार्ग के लेपन स्तर, सीसी रोड का निर्माण कार्य होगा। इस पर 40 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। चतरा ब्लॉक के भीखमपुर गांव में और खोरईल गांव में करीब 59 - 59 लाख की लागत से सड़क मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इस तरह से सभी सात ग्रामीण संपर्क मार्गो के मरम्मत एवं निर्माण कार्य पर कुल करीब 350 लाख रुपये खर्च होगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से संपर्क मार्गो का मरम्मत के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
त्वरित आर्थिक विकास योजना से सोनभद्र में सात ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य होना है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी करते हुए सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी।
- हरेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता - आरईडी मिर्जापुर।