जिले में संचालित उच्च प्राथमिक और कंपोजिट तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जनपद सोनभद्र के 663 विद्यालयों का चयन किया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग अंतर्गत जिले में संचालित 663 उच्च प्राथमिक विद्यालय, कस्तूरबा स्कूलों और कंपोजिट विद्यालयों की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इस प्रशिक्षण पर विभाग की ओर से 33.15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसमें से प्रशिक्षण मानदेय, बैरन, प्रमाण पत्र के लिए 19 लाख 89 हजार की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। जिसके जरिए 40 हजार के करीब छात्राओं को मार्शल आर्ट के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण एक जुलाई से शुरू होगा और दिसंबर 2024 तक चलेगा।
इसमें विद्यालय वार अलग-अलग तिथि निर्धारित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के अनुदेशक, व्यायाम शिक्षक-शिक्षिका और खेलकूद शिक्षक-शिक्षिका संपन्न कराएंगे। प्रशिक्षण कराने वाले प्रशिक्षकों का उन्मुखीकरण 19 से 27 मई के बीच किया जाएगा।
इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण जिले के 663 विद्यालयों की छात्राओं को जुलाई से दिसंबर के बीच दिया जाएगा।