सोनभद्र। प्रदेशीय महिला बास्केटबॉल, हैंडबॉल और प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 21 जुलाई से आरंभ होगा। जिले में दो दिनों तक चलने वाले ट्रायल में सफल खिलाड़ी मंडल स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने बताया कि महिला बास्केटबॉल और जूनियर बालक फुटबॉल का जिला स्तरीय चयन ट्रायल 21 जुलाई को सुबह 11 बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, तिवरा (रॉबर्ट्सगंज) में होगा। महिला हैंडबॉल का ट्रायल 22 जुलाई को सुबह 10 बजे इसी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
मंडल स्तरीय ट्रायल में महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों का चयन 22 जुलाई को दोपहर तीन बजे एसईटी होरिया प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर, विंध्याचल रोड मिर्जापुर में होगा। महिला हैंडबॉल का मंडल स्तरीय ट्रायल 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में ही आयोजित किया जाएगा। जूनियर बालक फुटबॉल का मंडल स्तरीय ट्रायल 23 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम पहाड़ी मिर्जापुर में होगा। प्रदेशीय महिला बास्केटबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक अयोध्या और जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता एक से आठ अगस्त तक मऊ में आयोजित की जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य है। केवल सीआरएस पंजीकृत खिलाड़ी ही चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। महिला बास्केटबॉल और हैंडबॉल में खिलाड़ियों की आयु 25 वर्ष से कम होनी चाहिए, जबकि जूनियर फुटबॉल खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच होना जरूरी है।