सोनभद्र। जिले के प्रवासी श्रमिकों एवं बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को जिला सेवायोजन कार्यालय लोढ़ी परिसर में ऑफलाइन रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मेले में जिले भर से करीब 80 अभ्यर्थियों ने हिस्सा किया।
मेले में आई निजी क्षेत्र की कुल पांच कंपनी के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया। साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार के लिए विभिन्न पदों पर कुल 31 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। जिला सेवायोजन अधिकारी की देखरेख में आयोजित रोजगार मेले में एलआईसी राबर्ट्सगंज, वज्र इंडस्ट्रीज राबर्ट्सगंज, वैभव इण्टरप्राइजेज सुकृत सोनभद्र, एडिको इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड लुधियाना पंजाब के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इनके माध्यम से विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार मेले में दूर दराज से अभ्यर्थी पहुंचे हुए थे।