Sonbhadra News: कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवार और विशाल के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया है। न्यायालय में तय तिथि पर उपस्थित न होने की दशा में दोनों आरोपियों की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है।
कफ सिरप की तस्करी मामले में सरगना शुभम जायसवाल और विशाल उपाध्याय के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई है। न्यायालय से जारी नोटिस का तामिला कराने सोनभद्र एसआईटी की टीम वाराणसी और सहारनपुर पहुंची। वहां रविवार को आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा करते हुए मुनादी कराई गई। चेताया गया कि न्यायालय में तय तिथि पर उपस्थित न होने की दशा में दोनों आरोपियों से जुड़ी संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
विज्ञापन
बताते चलें कि पहली बार 18 अक्तूबर की रात कफ सिरप तस्करी की खेप पकड़ी गई थी। उसी के बाद पूरे प्रदेश में तस्करी का रैकेट फैले होने का मामला सामने आया था। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज मामले की छानबीन के दौरान पुलिस ने पाया कि शैली ट्रेडर्स के संचालक शुभम जायसवाल निवासी कायस्थ टोला प्रह्लाद घाट, वाराणसी और गाजियाबाद के सौरव त्यागी नेटवर्क से जुड़े विशाल उपाध्याय निवासी अशोक विहार कॉलोनी, सारसावा जिला सहारनपुर की तस्करी में अहम भूमिका थी। तस्करी का मामला उजागर होने के बाद जहां शुभम विदेश भाग निकला।
वहीं विशाल उपाध्याय भी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उनकी फरारी को देखते हुए दिसबर के आखिरी सप्ताह में दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वहीं शुभम के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कराया जा चुका है। लगातार फरारी को देखते हुए पिछले दिनों न्यायालय ने भी कुर्की (धारा 84बीएनएसएस) की नोटिस जारी की। इसके बाद एसआईटी प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद राय की अगुवाई वाली टीम ने नोटिस के तामिला (आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा) करने की कार्रवाई की।
एसपी अभिषेक वर्मा के मुताबिक न्यायालय के आदेश के क्रम में पुलिस टीम भेजकर रविवार को दोनों आरोपियों के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा करा दी गई है। तय तिथि पर आरोपी उपस्थिति नहीं हुए तो उनसे जुड़ी चल-अचल संपत्ति के कुर्की की कार्रवाई शुरू हो सकती है।