सोनभद्र। जिले के खनन उद्योग को लेकर लगातार बनी समस्याओं का समाधान तलाशने खनन निदेश डॉ. रोशन जैकब बुधवार को सोनभद्र पहुंचीं। कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के अलावा खनन कारोबारियों व ट्रक मालिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्र का भ्रमण कर भौतिक स्थिति को भी जाना। उन्होंने अवैध खनन पर रोक के साथ वैध खनन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। सख्त हिदायत दी कि जो खनन कारोबारी निर्धारित क्षेत्र से बाहर खनन करता है तो उस पर पेनाल्टी लगाते हुए लाइसेंस निरस्त करें।
कलेक्ट्रेट सभागार में खनन, वन, पीडब्ल्यूडी व पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डाॅ. रोशन जैकब ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खनन विभाग के पट्टा से संबंधित जो भी पत्रावलियां हैं, उसका शीघ्र निस्तारण कराएं। जिले के खनन पट्टा धारकों को पट्टे से खनिजाें के परिवहन के लिए ईएमएम-11 का दर अत्यधिक न किया जाय। उन्होंने डीएम से कहा कि क्रशर प्लांटों पर किए गए भंडारण गिट्टी, बोल्डर, डस्ट स्टोन की जांच खनन व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कराएं। प्लांटों पर अवैध तरीके से भंडारण मिलने पर उसे राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर ई-टेंडर के माध्यम से निस्तारित कराएं। उन्होंने ज्येष्ठ खान अधिकारी को निर्देशित किया कि सिंचाई विभाग की ओर से निर्माण के दौरान परियोजनाओं से ग्राम कुड़वा में ओवर बर्डन के रूप में निकाले गए खनिजों का लाट्स बनाकर ई- टेंडर के माध्यम से निस्तारण कराएं, जिससे उप खनिजों की मात्रा में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि वन विभाग से एनओसी लेकर राजस्व ग्राम भगवा, अगोरी, खेबंधा, बरहमोरी, ससनई आदि में उपयुक्त अधिक से अधिक क्षेत्रों की खोज कर डीएसआर में शामिल करते हुए निरंतर समीक्षा की जाए और खनन पट्टे दिए जाएं। खनन सामग्री ले जाने के लिए रवन्ना की बिक्री निर्धारित दर के अनुरूप करें। गैर प्रांत से आने वाले वाहनों को जनपद में आगमन पर वैध प्रपत्रों की जांच करने के बाद ही अनुमति प्रदान करें। जिले में गिट्टी, बालू के भंडारण के लिए लाइसेंस देने में भी तेजी लाएं। खनन व्यवसायी व ट्रांसपोर्टरों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा। बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह, एडीएम सहदेव मिश्र, डीएफओ सुरेश पांडेय, स्वतंत्र श्रीवास्तव, ज्येष्ठ खान अधिकारी आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।
खनन निदेशक ने बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र का दौरा
ओबरा। खनन निदेशक रोशन जैकब ने बुधवार का बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। खनन क्षेत्र के बाड़ी की खदानों का बारी-बारी से निरीक्षण कर खड़ी पहाड़ी और हुए खनन को लेकर जानकारी ली। खदानों में बने रास्ते के बारे में पूछा। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमानुसार खनन कार्य हो। अवैध खनन नहीं होना चाहिए। आसपास की शेष बची पहाड़ियों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान एडीएम समेत खनन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रक मालिकों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। सोनांचल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के बैनर ट्रक मालिकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। खनन निदेशक को ज्ञापन सौंप खनिज परिवहन में आ रही दिक्कतों से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। ट्रक मालिकों का कहना था कि जिले में रायल्टी की कालाबाजारी हो रही है। पट्टे के रेट से कई गुना रायल्टी वसूली जा रही है। इससे गिट्टी का दाम बढ़ता जा रहा है। जिले के अधिकांश क्रशर प्लांट पर कांटा नहीं है। ऐसे में बिना तौल के ही माल ट्रकों पर लादा जाता है, लेकिन माल थोड़ा भी अधिक हाेने पर मोटा चालान काट दिया जाता है। ऐसे में कम से कम दस फीसदी तक भार में कम-अधिक होने पर छूट मिलनी चाहिए। इस मानक से अधिक होने पर कोई वाहन सीज किया जा सकता है। कहा कि मार्च, अप्रैल, मई, जून में आपसी समझौते के तहत ट्रकों का संचालन हुआ है। ट्रकों पर माइन टैग, नंबर प्लेट व रॉयल्टी लेकर संचालन के बावजूद वाहनों पर ऑनलाइन ओवर लोड का चालान हो रहा है, जो न्याय संगत नहीं है।