जिले में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हुए मतदान के बाद रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना ब्लॉकवार सुबह सात बजे से शुरू हो गई।
वीडियो कैमरे की निगरानी में आठों ब्लॉक के 67 न्याय पंचायतों में 438 टेबुलों पर 637 प्रधान व 7881 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वोटों की गिनती हो रही है। सुबी नौ बजे से चुनाव परिणाम आने लगे थे।
मतगणना स्थलों के बाहर आधुनिक असलहों से लैस फोर्स तैनाती रही। पुलिस बगैर पास के किसी को अंदर नहीं जाने दे रही थी। राबट्र्सगंज ब्लाक के मतों की गणना राजकीय पालिटेक्निक कालेज लोढ़ी में हो रही थी।
यहां डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसपी रामलाल वर्मा ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी ने फोर्स को प्रवेश गेट से समर्थकों को दूर रखने का निर्देश दिया।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आठों ब्लाकों में सुबह सात बजे से 637 प्रधान और 7881 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए वोटों की गिनती शुरू हुई। जिले के आठों ब्लॉकों के 67 न्याय पंचायत की 438 टेबुलों पर कर्मचारियों ने प्रधान और सदस्य पद के लिए वोटों की गिनती शुरू होते ही जीत का ख्वाब देखने वाले प्रत्याशियों के चेहरे पर रौनक आ गई।
हालांकि एक दो मतपेटिका का पिटारा खुलनेके बाद सामने आए परिणाम के बाद कई प्रत्याशियों के चेहरे मुरझा गए। जिले के आठों ब्लॉक के मतगणनास्थलों का जिला निर्वाचन अधिकारी जीएस प्रियदर्शी, पुलिस अधीक्षक रामलाल वर्मा, सीडीओ महेंद्र सिंह, एडीएम रामचंद्र, एएसपी शंभूशरण यादव, रामयज्ञ यादव, सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय, घोरावल एसडीएम कैलाश सिंह और दुद्धी एसडीएम डा. विश्राम यादव अलग-अलग मतगणनास्थलों का भ्रमण कर मतगणना के बारे में जानकारी लेकर मातहतों को निष्पक्ष ढंग से मतदान कराने का निर्देश देते रहे।
पालीटेक्रिक कालेज में दोपहर करीब 12 बजे डीएम और एसपी रामलाल वर्मा ने पहुंच कर यहां सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कोतवाल अबरार अहमद से व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।