कड़ी सुरक्षा के बीच द्वितीय चरण में होने वाले चुनाव के लिए गुरुवार को जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत केे लिए नामांकन शुरू हो गया। कलेक्ट्रेट में दस जिला पंचायत क्षेत्र के लिए 133, चोपन में क्षेत्र पंचायत के 418 और दुद्धी में 338 प्रत्याशियों ने नामांकन किए। नामांकन स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात रही। वाहनों का जमावड़ा होने से जाम लगा रहा।
कलेक्ट्रेट में सीडीओ/एआरओ महेंद्र सिंह और डिप्टी कलेक्टर/गिरिजा शंकर सिंह, राजेंद्र तिवारी की देखरेख में जिला पंचायत क्षेत्र हिनौती, पटवध, जुगैल, कोटा, कचनरवा, निगाई, पनारी, धनौरा, विण्ढमगंज और बघाडू़ क्षेत्र के लिए अलग-अलग बने काउंटर पर उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल करना शुरू किया। सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत क्षेत्र के लिए 133 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम जीएस प्रियदर्शी, एडीएम रामचंद्र और एसपी शिव शंकर यादव मौजूद रहे। उधर चोपन संवाददाता के अनुसार बंधी प्रखंड के एई/एआरओ वीरेंद्र कुमार की देखरेख में 462 उम्मीदवारों ने नामांकन किए। सुबह आठ बजे से ही प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन करना शुरू कर दिया था। ब्लाक के प्रवेश द्वार पर ओबरा सीओ प्रवीण यादव, चोपन थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य, ओबरा एसओ वीरेंद्र यादव प्रत्याशियों के समर्थकों को अंदर जाने से रोक दे रहे थे। दुद्धी संवाददाता के अनुसार आईटीआई कालेज के प्रधानाचार्य/एआरओ विजय श्रीवास्तव की मौजूदगी में 338 नामांकन फार्म जमा हुए। नामांकन के दौरान ब्लाक परिसर में एसडीएम डा. विश्राम, तहसीलदार जितेंद्र, सीओ लक्ष्मण राय, बीडीओ प्रभात द्विवेदी, दुद्धी कोतवाल मनोज पांडेय फोर्स के साथ मौजूद रहे।