एनसीएल की खदानों की सुरक्षा में लगी एक एजेंसी के सुपरवाइजर को अगवा किए जाने का मामला सामने आया। घटना सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में हुई। जयंत चौकी पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना रविवार की रात की है। आरोपी अपने पैसों को निकलवाने के लिए सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइजर को अगवा कर ले जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक गंगा सिंह एनसीएल जयंत परियोजना में प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी आशीष शर्मा सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करते हैं। एजेंसी के गार्डों को ड्यूटी स्थल तक पहुंचाने के लिए कैंपर जीप लगाई गई है। इस जीप को चालक राहुल साहू चलाता है। सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी की देखरेख सुपरवाइजर हरेंद्र करते हैं।
कंपनी के दूसरे सुपरवाइजर उमेश पांडेय ने बताया कि वाहन कैंपर चालक राहुल साहू अपने साथ हरेंद्र प्रसाद को रात करीब 2.30 बजे कंपनी कैंप के बाहर से जबरन ले गया। कह रहा था कि जब तक मेरा पैसा नहीं दोगे हरेंद्र को नहीं छोडूंगा।
केस दर्ज कर तत्काल साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन ली गई। जयंत से चितरंगी मार्ग पर गुलरिहा के पास से नाकेबंदी कर पुलिस ने आरोपी राहुल साहू के बोलेरो कैंपर से अपहृत हरेंद्र प्रसाद को मुक्त कराया।