सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शौचालय निर्माण में रुचि न लेने वाले ग्राम प्रधान एवं सचिव पर कड़ी कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को डीएम ने उन 24 सचिवों को तलब किया जो लाकडाउन की अवधि में छूट मिलने के बावजूद अपने ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण के लिए राजमिस्त्री नहीं लगाए या लक्ष्य के अनुसार राजमिस्त्री नहीं लगा कर कार्य नहीं शुरू कराया गया।
उन 24 सचिव की समीक्षा करते हुए डीएम ने कारण बताओ नोटिस दिया। चेताया कि यदि 10 मई तक शौचालय पूर्ण न किए गए तो उन लापरवाह सचिवों को बर्खास्त कर दिया जाएगा। डीएम ने चेताया कि शौचालय निर्माण में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाए। कहा कि 20 अप्रैल के बाद जिले में कुछ चीजों के निर्माण की छूट दी गई थी। इसमें शौचालय सर्वोपरि था। मांग के अनुसार सभी ब्लॉकों में गाड़ियों एवं मटेरियल की दुकानों की पास उन्होंने निर्गत किया। फिर भी ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया। सचिव अगर काम नहीं करते हैं, तो उनको बर्खास्त किया जाएगा। बैठक में सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, डीडीओ राम बाबू त्रिपाठी, डीपीआरओ आरके भारती उपस्थित रहे।