सोनभद्र। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने चतरा ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को सचिवों की बैठक ली। इसमें उन्होंने सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। वहीं निरीक्षण में एक जगह कार्य बंद मिला तो वहां के सचिव का वेतन रोक दिया गया और चेतावनी दी है।
डीपीआरओ ने बताया कि सचिवों की समीक्षा में पाया गया कि सभी सचिवों के यहां सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन निर्माण बृहस्पतिवार को बंद रहा। इस पर समीक्षा में कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया। एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि शुक्रवार को सभी ग्राम पंचायतों में काम शुरू होने की रिपोर्ट हर हाल में 11 बजे तक दें। जिस ग्राम पंचायत में काम होता हुआ नहीं पाया जाएगा वहां के सचिव का एक दिन का वेतन रोका जाएगा।
डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत वनबहुआर का निरीक्षण किया। यहां सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य बंद मिला। पंचायत भवन छत स्तर तक की दीवार की जुड़ाई कर कार्य बंद है। जबकि मनरेगा से पंचायत भवन का भुगतान हो चुका है। इस पर सचिव रामवृक्ष का एक दिन का वेतन रोक दिया। ग्राम पंचायत तेंदुआ में धनराशि पंचायत भवन निर्माण के लिए जारी हुई है लेकिन यहां चार फीट दीवार जोड़ने के बाद कार्य बंद मिला। यहां के सचिव के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं ग्राम पंचायत नगांव में सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। मौके पर काम शुरू पाया गया। सचिव सुजीत सिंह को एक सप्ताह में काम पूर्ण कराने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में कार्य पूरा नहीं हुआ तो वेतन अवरुद्ध कर दिया जाएगा।