डीएम डीके सिंह ने बुधवार को राबर्ट्सगंज तहसील में लोगों की फरियाद सुनी। उन्होंने अनुपस्थित पांच अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
नगवां के सेक्रेटरी विजय बहादुर को कार्य में लापरवाही पर निलंबित करने का निर्देश दिया। जिले में आयोजित तहसील दिवस में 114 आवेदन पत्र पडे़। इसमें से महज 20 का ही निस्तारण हो सका।
शेष 94 मामले संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए सौंप दिए गए।राबर्ट्सगंज में तहसील दिवस में जनता के समस्याओं की सुनवाई कर रहे डीएम ने तब नाराजगी जाहिर की जब उन्हें पता चला कि पांच अधिकारी उपस्थित नहीं हैं।
उन्होंने अनुपस्थित एक्सईएन ग्रामीण ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, ईओ चोपन और ओबरा तथा सचिव मण्डी समिति राबर्ट्सगंज का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
साथ ही एक्सईएन आरईएस को वाराणसी का अतिरिक्त चार्ज होने पर सोनभद्र का कार्य प्रभावित होने की सूरत में वाराणसी के चार्ज से मुक्त करने के लिए प्रमुख सचिव ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को पत्र लिखने का निर्देश दिया।
बीडीओ नगवां का समाजवादी पेंशन योजना के तहत फोटो उपलब्ध कराने में असहयोग करने पर वेतन रोकने के निर्देश दिया। नगवां के सेक्रेटरी विजय बहादुर को कार्य में लापरवाही पर निलंबित कर दिया।
जन सुनवाई के दौरान डीएम ने पाया कि परसिद्धी में नहर से सिंचाई के लिए सरकारी नाली पूर्व में बनी थी। चकरोड भी बना। अवांछनीय तत्वों ने नाली को पाट दिया। सिंचाई कार्य अवरूद्ध कर दिया और चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया। डीएम ने तीन दिनों के अंदर चकरोड से अतिक्रमण हटाने को कहा।