जिले में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देश पर प्रशासन की ओर से जिले के सीमावर्ती इलाकों के साथ ही प्रमुख चौराहों पर संयुक्त टीमें वाहनों की तलाशी ले रही हैं।इसी क्रम में रविवार की दोपहर सदर एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा और सीओ सिटी राहुल पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने वाहनों की तलाशी ली। यहां दोनों अधिकारी खुद वाहनों की तलाशी लेते रहे। इसी बीच दोपहर डेढ़ बजे सफेद रंग की एक स्कार्पियो आती दिखी, जिस पर सत्ताधारी दल का झंडा भी लगा था। वाहन की तलाशी के दौरान संज्ञान में आया कि वाहन पर सचिवालय का एक वाहन पास लगाया गया है, जो जांच में वर्ष 2019 का मिला। समय-सीमा खत्म होने के बाद भी लंबे समय से लगा था। वाहन चालक ने पहले तो नेता का नाम बताते हुए बचने का प्रयास किया। हालांकि एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने नियम विरुद्ध भाजपा नेता के वाहन पर लगे पास को उतरवा दिया। इसके बाद उसे दोबारा न लगाने के लिए निर्देशित किया। सीओ राहुल पांडेय ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सदर कोतवाल मनोज सिंह के साथ अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।