हजार मेगावाट वाली अनपरा डी की दूसरी इकाई शनिवार की रात पौने 11 बजे लाइटअप कर ली गई। अब इस इकाई को सिंक्रोनाइज (पहली बार उत्पादन) पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस काम में तीन से चार दिन का वक्त लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
इकाई सफलतापूर्वक लाइटअप हो, इसके लिए राज्य उत्पादन निगम के ऊर्जा सलाहकार इं. एससी राय और अनपरा सीजीएम इं. त्रिभुवन तिवारी पूरी रात जमे रहे। इसके बाद सिंक्रोनाइज प्रक्रिया के लिए रविवार को निगरानी में जुटे रहे। परियोजना को वाणिज्यिक लोड पर लिया जाना लंबे समय से चुनौती का सबब बना हुआ है। नए साल की शुरुआत से ही इस परियोजना को उत्पादन पर लेने के लिए भेल और राज्य उत्पादन निगम प्रबंधन अपनी पूरी ताकत लगाए हुआ है। इसी क्रम में शनिवार रात दूसरी इकाई को लाइटअप (ऊर्जीकृत) कर पहली बार उत्पादन की तरफ कदम बढ़ा दिए गए।
इस इकाई को पूर्ण क्षमता पर लेने की समय सीमा 22 फरवरी तय की गई है। सीजीएम अनपरा इं. त्रिभुवन तिवारी ने भी इकाई को लाइटअप किए जाने की पुष्टि की। बताया कि अब इकाई को सिंक्रोनाइज कर उत्पादन पर लिया जाना है, जिसको लेकर कवायद जारी है।