चोपन। थाना क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट के पहले वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार की भोर में बालू लदे एक ट्रक ने आगे पहले से खड़े भस्सी लदे दूसरे ट्रक में धक्का मार दिया। इससे एक ट्रक के चालक कृष्णा तिवारी (26) पुत्र देवी प्रसाद तिवारी निवासी बरामदपुर मिश्री बेबई प्रयागराज की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना के बाद लगा जाम करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद समाप्त कराया। सुबह चार बजे से लगा जाम सुबह सात बजे खत्म हुआ।
वाराणसी- शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर रविवार की सुबह करीब चार बजे अग्रवाल मार्केट के समीप पहले से ही खराब हो कर खड़े भस्सी लदे चौदह चक्का ट्रक में डाला की तरफ से बालू लादकर आ रहे 10 चक्का ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के आगे और पीछे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद पीछे के ट्रक का चालक कृष्णा तिवारी उसी में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से चालक को बाहर निकलवाया। दुर्घटना की वजह से वाराणसी शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सुबह चार बजे से सात बजे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे जाम समाप्त कराया।