हिंसक जानवर के हमले में चार बकरियों की मौत के बाद वन विभाग ग्रामीणों को जागरूक करने में जुट गया है। तुर्रीडीह व रन्नू गांव में जाकर ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है।
हमला करने वाले जानवर के बारे में दूसरे दिन भी वन विभाग की टीम जानकारी जुटाने में लगी रही। ग्राम प्रधान विदवंत घसिया ने बताया कि दो दिन पहले भी जंगली जानवरों ने हमला कर तीन बकरियों को नोंचकर मार डाला था।
इस तरह के हमले से गांव के लोगों में भय का माहौल हो गया है। गांव में हमला करने वाले जानवर के तेंदुआ, लकड़बग्घा या फिसिंग कैट होने की चर्चा है। इस परिस्थितियों में लोगों को घर से बाहर न निकलने पर जागरूक किया जा रहा है।
रेंजर सरिता गौतम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि रात में घर से बाहर न निकलें। घर के अंदर सोएं। ज़ब भी घर से बाहर निकले, समूह में रहे और टॉर्च आदि अपने साथ रखें। मवेशियों को घर के अंदर बांधे।
कुछ दिन मवेशियों को जंगल में चराने न लें जाए। शोर मचाने और आग से जानवर दूर भागता है। छोटे बच्चों, महिलाओं को जंगल में या इसके किनारे न जाने दें। जंगली जानवर की आशंका होने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। जागरूकता ही बचाव है।