महुली। दुद्धी विकास खंड के महुली सहकारी समिति पर बृहस्पतिवार को पहुंचे दुद्धी एसडीएम रमेश कुमार ने किसान बनकर खाद लेने के लिए सचिव को फोन किया। एसडीएम के सीयूजी नंबर से फोन करने के बाद भी सचिव उन्हें पहचान नहीं सके।
दोपहर में सहकारी समितियों के निरीक्षण में निकले दुद्धी एसडीएम रमेश कुमार महुली पहुंचे तो वहां ताला लटका हुआ था। सचिव को एसडीएम ने किसान बनकर खाद लेने के लिए फोन किया तो सचिव ने दुद्धी स्थित जिला सहकारी बैंक में साप्ताहिक मीटिंग में उपस्थित होने की बात कही और खाद के लिए अगले दिन आने को कहा। सचिव परमेश्वर यादव ने बताया कि वह अधिकारी को नहीं पहचान सके। बाद में एसडीएम ने दुद्धी जिला सहकारी बैंक पहुंचकर दुद्धी ब्लॉक में संचालित नौ सहकारी समितियों के सचिवों से प्रगति की समीक्षा की। क्रय केंद्रों पर धान खरीद का हाल जाना। सचिवों ने एसडीएम से धान का उठान न होने से समितियों में भंडारण के लिए जगह न होने की शिकायत की। एसडीएम ने कहा कि धान उठान के लिए डीएम और संबंधित विभाग को पत्राचार किया गया है।