दिव्यांग छात्राओं और दिव्यांगजनों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन में पात्रता परीक्षण किया गया। कक्ष संख्या-11 में आयोजित शिविर में ई-ट्राईसाइकिल और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजनाओं के 30 आवेदकों ने प्रतिभाग किया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित परीक्षण में स्कूल जाने वाली और शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की अनुदान योजना के आवेदकों की पात्रता जांची गई। इसके अलावा मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन करने वाले दिव्यांगजनों का भी परीक्षण किया गया। तकनीकी समिति के सदस्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से नामित चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने आवेदकों का परीक्षण किया। वह आर्थोपेडिक सर्जन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर के अधीक्षक हैं। इस दौरान विंध्याचल मंडल के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपनिदेशक वीपी सत्यार्थी और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला मौजूद रहीं।