फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: मायके से मिली बकरी बेचने से रोका तो पति ने कर दी देवंती की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
दुद्धी (सोनभद्र)। मायके से मिली बकरी बेचने से मना करने पर पति ने देवंती देवी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। नशे में धुत आरोपी रामकरण चेरो ने पहले पत्नी पर लोहे की रॉड और कटारी से हमला किया, फिर गर्म लोहे से शरीर को दागा। गंभीर चोटों से देवंती ने तड़पकर दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा। पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह उसे कनहर नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बकरी बेचने को लेकर हुए विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है। देवंती को मायके से भरण-पोषण के लिए 16 बकरियां मिली थीं। रामकरण ने उन्हें बेचकर रुपये नशे में खर्च कर दिए थे। बाद में मायके से मिली एक और बकरी को भी वह बेचना चाहता था, लेकिन देवंती इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात रामकरण नशे में धुत होकर घर पहुंचा। बकरी बेचने को लेकर हुए विवाद में उसने पत्नी पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड और कटारी से मारने के बाद गर्म लोहे से भी दागा। देवंती की मौत के बाद वह रातभर शव के पास बैठा रहा। सुबह पड़ोसियों और ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी देने के बाद फरार हो गया। बता दें कि मंगलवार को शाहपुर पिपरडीह गांव स्थित घर में देवंती देवी का शव मिला था। उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। देवंती के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू की गई थी। दुद्धी कोतवाल अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने के कारण उनके बच्चे रिश्तेदारों के यहां रहते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें