स्थानीय थाना क्षेत्र के सागोबांध बाजार में रविवार को नकली नोट तैयार करने के संदेह में ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों के पास से केमिकल और पेपर के बंडल मिलने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसओ अरविंद सरोज के मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया कि दोनों संदिग्ध 30 हजार रुपये के बदले 1.05 लाख रुपये के नकली नोट तैयार करने का दावा कर रहे थे। केमिकल के जरिये कागज को नोट में बदलने का झांसा दिया जा रहा था। रविवार को सागोबांध बाजार में लेन-देन के दौरान ग्रामीणों को दोनों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनके पास मिले सामान को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी इस तरह के कारोबार की चर्चा पहले से रही है। मामले में दो लोगों की ओर से बभनी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस बरामद सामान और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। एसओ अरविंद सरोज ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।