शक्तिनगर में सड़क हादसे में वाहन में लगी आग।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। रविवार शाम एक अनियंत्रित स्कार्पियो एनसीएल खड़िया के चहारदीवारी से भिड़ गई। इस हादसे में तीन युवक जख्मी हो गए। गंभीर रूप से जख्मी एक व्यक्ति को एनसीएल के नेहरू चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के बाद वाहन में आग लग गई जिसे, सीआईएसएफ के अग्निशमन दल ने बुझाया। शक्तिनगर के बीना चौकी क्षेत्र के रहने वाले रमेश पंडरा (35), नीरज मिश्रा (25) व दयाशंकर मिश्रा (30) मप्र के सिंगरौली गए थे। शाम छह बजे के करीब सभी स्कार्पियो से वापस लौट रहे थे। यूपी बार्डर में घुसते ही स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई और एनसीएल खड़िया कोयला परियोजना के आवासीय परिसर की दीवार से टकरा गई। घटना की जानकारी के बाद स्थानीय लोग जुट गए और घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस व सीआईएसएफ के जवान भी पहुंच गए। लोगों की मदद से घायलों को एनटीपीसी शक्तिनगर के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दयाशंकर मिश्रा को एनसीएल के जयंत स्थित नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दयाशंकर के सिर में गहरी चोट है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में आग लग गई। आग की सूचना पर पहुंचे सीआईएसएफ के अग्निशमन शाखा के जवानों ने काबू पाया।