मांची थाना क्षेत्र के महुली गांव में 13 अगस्त को हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। दोनों को पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार महुली निवासी अशोक अगरिया को अपनी पहली पत्नी सुभवंती पर किसी से अवैध संबंध होने का शक था। इस कारण उसने अपनी दूसरी पत्नी, भाई व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। रस्सी से हाथ पैर बांध कर उसकी हत्या कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से शव के साथ ही खून से लथपथ कपड़े व नेवार की पट्टी बरामद किया था।
महिला के पिता मुद्रिका अगरिया ने मुकदमा दर्ज कराया था। घटना में शामिल दो आरोपी अशोक अगरिया व पप्पू अगरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्यारोपी दो महिलाएं फरार चल रही थीं। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हत्यारोपी मुन्नी देवी व नन्हकी उर्फ कैलाशी को गिरफ्तार कर लिया। इसमें मुन्नी देवी मुख्य आरोपी की दूसरी पत्नी और नन्हकी उर्फ कैलाशी देवी उसकी मां है।