चोपन थाना क्षेत्र में सोन नदी पुल पर सोमवार को साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंसने से महिला सड़क पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई।
बिहार के भभुआ जिला निवासी सुमन (43) रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए चोपन बाजार स्थित अपने मायके आई थी। उसे सोमवार को ही ससुराल लौटना था। इससे पहले सुमन पटवध स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक पर अपने कान के दर्द का उपचार कराने गई थी।
दवा लेने के बाद वह अपने बेटे शुभम (20) के साथ बाइक से चोपन लौट रही थी। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सोन नदी पुल पार करने के दौरान तेज हवा चलने से सुमन की साड़ी चलती बाइक के पिछले पहिए में फंस गई।
इसके चलते वह बाइक से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन फानन उसे सीएचसी चोपन लाया गया। वहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना महिला के ससुराल वालों को दी गई।