सोनभद्र। दूषित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई तेज कर दी है। रक्षाबंधन एवं बकरीद पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को टीम के साथ जिला अभिहित अधिकारी सुशील सिंह ने शाहगंज और घोरावल में दुकानों पर छापा मारा। इसकी जानकारी मिलते ही अधिकांश दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का शटर गिराकर भाग गए। शुक्रवार की सुबह दस बजे टीम के साथ जिला अभिहित अधिकारी शाहगंज स्थित एक रेस्टोरेंट पर पहुंच कर खाद्य सामग्रियों की जांच शुरू की। यहां पर टीम ने पनीर का सैंपल लिया। यहां खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम घोरावल में एक किराना की दुकान पर पहुंच कर जांच शुरू की। जिला अभिहित अधिकारी सुशील सिंह ने बताया कि शाहगंज स्थित एक रेस्टोरेंट से पनीर और घोरावल में एक किराना की दुकान से नमकीन का सैंपल लिया गया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने डाला एवं ओबरा बाजार में दुकानों पर छापेमारी कर दो नमूने संग्रहित किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक शंकर दुबे, प्रमोद कुमार सोनकर ने डाला बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान और ओबरा बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट से बेसन के लड्डू का नमूना लिए थे। कहा कि गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री न बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।