सोनभद्र। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया भी सार्वजनिक की गई है। बुधवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू कर दी गई। अध्यक्ष पद के चुनाव की सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए डीएम ने बताया कि कलेक्ट्रेट में 26 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किये जाएंगे। उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच तीन बजे के बाद की जाएगी। 29 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक नाम वापसी होगी। यदि निर्वाचन में विरोध होगा तो मतदान कलेक्ट्रेट में तीन जुलाई को सुबह 11 बजे और तीन बजे तक होगा। उसके बाद उसी दिन मतगणना होगी और परिणाम की घोषणा की जाएगी।
डीएम ने बताया कि निर्वाचन उत्तर प्रदेश जिला पंचायत (अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष का निर्वाचन और निर्वाचन विवादों का निपटारा) नियमावली 1994 के अनुसार संपन्न होगा। यह निर्वाचन आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा होगा और मतदान गुप्त मत द्वारा होगा। डीएम ने बताया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी कार्य कलेक्ट्रेट में कराए जाएंगे और सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित है। नाम निर्देशन प्रपत्र 26 जून तक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त किये जा सकते हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह ने बताया कि बुधवार को पहले दिन एक भी नामांकन पत्र की बिक्री नहीं हुई है।