डीएम चंद्र विजय सिंह ने मंगलवार को जिला खनिज कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। पत्रावलियों के रखरखाव में काफी गड़बड़ियां मिलीं। समन के लिए भेजी गई पत्रावलियों की स्थिति स्पष्ट न होने पर वरिष्ठ सहायक के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी।
डीएम ने पोर्टल पर जारी आरसी की वास्तविक स्थिति को कंप्यूटर के माध्यम से देखा तो आरसी के डिटेल भेजने का विवरण अधूरा पाया गया। संबंधित पत्रावली का परीक्षण करने के निर्देश दिए। वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए निदेशालय से पत्राचार करने को कहा। उन्होंने आरटीओ और खनन विभाग को आपस में समन्वय बनाकर पोर्टल से संबंधित समस्याओं का निस्तारण समय से कराने के निर्देेश दिए। इस दौरान डीएम ने समन के लिए भेजे गए पत्रावलियों का भी जायजा लिया। समन के लिए भेजी गई पत्रावलियों की स्थिति स्पष्ट न होने पर उसका डिस्पैच रजिस्टर के माध्यम से मिलान कराया गया इसके बावजूद भी स्थित स्पष्ट नहीं हो सकी। इस पर डीएम ने वरिष्ठ सहायक अब्दुल वारी गनी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए। जयेष्ठ खान अधिकारी को हिदायत दी कि जब तक पत्रावलियों का निस्तारण नहीं हो जाता तब तक वेतन का भुगतान न किया जाय। इस दौरान जिलाधिकारी ने अवैध परिवहन के दौरान अवैध वाहन के खिलाफ की गई कार्रवाई से संबन्धित रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। अधूरी पत्रावलियों को एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया।