सोनभद्र। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मरीजों को भर्ती कराने का इंतजाम करना शुरू कर दिया है। अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना मरीजों के लिए जिला अस्पताल परिसर में 200 बेड का एक अस्पताल, 30 बेड का एक अस्पताल मधुपुर में है। अब 200 बेड का एक और अस्पताल साई नर्सिंग हास्पिटल में बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही 22 वेंटीलेटर है, जिसे मुकम्मल कर लिया गया है।
डीएम अभिषेक सिंह ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी प्रकार की आवश्यक गतिविधियों जैसे सैंपलिंग, टेस्टिंग, कॉन्ट्रेक्ट ट्रैसिंग, सैनिटाइजेशन, कंटेनमेंट जोन निर्माण, सोशल डिस्टेंसिंग, मॉस्क लगाये जाने के अनुपालन में कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। होम आइसोलेशन विंग के चिकित्सक, स्टॉफ नर्स, फार्मासिस्ट के द्वारा होम आईसोलेशन के मरीजों की मॉनिटरिंग नियमित रूप से दिन में दो बार उनके स्वास्थ्य के संबंध में फीडबैक ले रहे है। होम आइसोलेशन विंग के द्वारा टीकाकरण, होम क्वारंटीन, सैनिटाइजेशन व अन्य संबंधित हेल्पलाइन कॉल का निस्तारण भी किया जा रहा है। सभी निगरानी समिति विंग भी सक्रिय कर दी गई है, जिसके द्वारा कोविड-19 के रोकथाम व बचाव के उपाय के प्रचार प्रसार व लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके टेस्ट कराये जाने संबंधी कार्य करने वाले ग्रामीण व शहरी निगरानी समितियों के कार्य में समन्वय स्थापित करने व अद्यतन सूचना प्राप्त करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं डीएम ने जिले में अग्रिम आदेशों तक रात्रि नौ बजे से प्रात: 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से साई नर्सिंग कॉलेज सजौर को दो सौ बेड का कोविड अस्पताल बनाने की तैयारी में जुट गया है। सोमवार को टीम के साथ एएसीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल ने कॉलेज का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। एसीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमितों को मिलने का सिलसिला जारी है। इसके मद्देनजर अस्थायी तौर पर दो सौ बेड का कोविड-19 अस्पताल बनाया जा रहा है।