सोनभद्र। पुलिस महकमे में डिजिटल सेवाओं पर जोर दिए जाने के साथ ही अब थानों को पेपरलेस बनाने की कवायद शुरू हो गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत यूपी के सभी जिलों में एक-एक थानों का चयन करने के साथ ही सोनभद्र में इसके लिए सदर कोतवाली (रॉबर्ट्सगंज) का चयन किया गया है। एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि पहली अप्रैल से इस पहल को मूर्तरूप देने की कवायद शुरू कर दी जाएगी। एक महीने में इससे जुड़ी सारी कवायद पूरी कर लेनी होंगी। नई व्यवस्था के परिणाम उत्साहजनक रहे तो आगे चलकर दूसरे थानों को भी पेपरेलस थाना बनाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस महकमे में डिजिटल सेवाएं बढ़ाने के साथ ही जहां यक्ष एप और अत्याधुनिक कंट्रोल रूम के जरिये निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की कवायद जारी है। वहीं अब थानों से जुड़ी सभी सेवाओं को डिजिटल बनाते हुए, उन्हें पेपरलेस बनाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में एफआईआर, जीडी (रोजनामचा) के साथ ही चरित्र प्रमाणपत्र, पासपोर्ट सत्यापन रिपोर्ट भेजने आदि की प्रक्रिया भी ऑनलाइन तरीके से ही अपनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। बता दें कि दो महिला थानों को लेकर जिले में कुल 23 थाने हैं। राबटर्सगंज कोतवाली को पेपरलेस बनाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, यह जिले का पहला थाना ऐसा होगा कि एफआईआर से लेकर रिपोर्ट तक सारी सेवाएं ऑनलाइन तरीके से ही पूरी की जाएंगी।