राबर्ट्सगंज नगर के आरटीएस क्लब में चल रहे राम चरित नवाह्न पाठ महायज्ञ में तीसरे दिन मंगलवार को राम विवाह की झांकी देखने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। श्रीराम के उद्घोष से समूचा नगर भक्तिमय हो गया।
सुबह सात बजे से ही दूर-दराज से श्रद्धालु पूजन-अर्चन करने के लिए यज्ञमंडप में पहुंचने लगे थे। श्रीराम, माता जानकी समेत अन्य देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमा देख लोग भाव-विभोर हो गए। मध्यवकाश के बाद मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के विवाह की झांकी सजाई गई। महिला श्रद्धालुओं ने विवाह गीत गुनगुनाया। उधर मंगलवार की सांयकाल प्रवचन में हेमंत तिवारी ने विघ्रेश्वर गणेश वंदना के पश्चात संगीत के माध्यम से श्रीराम के अवतरण से संबंधित भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। मानस मर्मज्ञ धर्मराज तिवारी ने जहां यज्ञस्थल होता है और राम चरित मानस का पाठ होता है वहां सभी देवी, देवता अदृश्य रूप से उपस्थित होकर कथा का रसपान करते हुए उपस्थिति श्रद्धालुओं को आर्शीवाद देते हैै। डॉ. प्रकाश चंद्र विद्यार्थी ने कहा कि प्रभु नाम ही मुक्ति प्रदान करता हैै। उन्होंने जनक की पुष्प वाटिका का सजीव वर्णन किया। संचालन कृष्णनंद तिवारी ने किया। कड़ाके की ठंड में प्रवचन सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। समिति के महामंत्री सुशील पाठक, विनय अग्रवाल, रामशकल चौबे, इंद्रदेव सिंह, अयोध्या दूबे, शिशु तिवारी, बिमलेश सिंह, अजय शुक्ला, राजेश्वर शुक्ला आदि रहें।