समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में शनिवार को पार्टी जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान चंदौली में रॉबर्ट्सगंज संसदीय सीट से सांसद छोटेलाल के साथ अभद्र व्यवहार पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चंदौली की दिशा की बैठक में रॉबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार उपसभापति के हैसियत से चकिया क्षेत्र के होने के कारण भाग लिया।
बैठक में भाजपा के विधायकों की तरफ से चंदौली जनपद के उच्चाधिकारियों के सामने खुलेआम धमकी दी गई। इसके बावजूद भी उच्चाधिकारी मौन धारण बैठे रहे। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा सरकार में माफियाओं का ही बोलबाला है। आरोप लगाया कि भाजपा विधायक की तरफ से सोनभद्र में अवैध खनन कराया जा रहा है। कहा कि दलित सांसद के साथ इस तरह के व्यवहार से पीडीए के लोग आहत हैं।
यदि रॉबर्ट्सगंज के सांसद के साथ कुछ घटना होती है तो इसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रशासन से मांग की कि धमकी देने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही सांसद छोटेलाल सिंह खरवार को वाई श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था कराए जाने की मांग की। इस मौके पर पार्टी के जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल आदि रहे।