ब्लाक क्षेत्र के देवरी ब्लाक संसाधन केंद्र पर शुक्रवार को नामांकन मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक रूबी प्रसाद ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों को अपने घर का सदस्य मानकर पढ़ाना चाहिए। क्योंकि शिक्षक मात्र शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, वे देश के अच्छे भविष्य के निर्माता भी हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शिक्षा के अधिकार 2011 के तहत उस मिथक को तोड़ना है जहां मान्यता है कि प्राइवेट स्कूल में ही अच्छी पढ़ाई होती है। कहा कि योग्यता और वेतन दोनों में सरकारी शिक्षक अव्वल हैं।
अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने की। इस मौके पर वनवासी सेवा आश्रम के विमल, एबीआरसी विनोद पांडेय ने सर्व शिक्षा अभियान और बच्चों के अधिकार, उपस्थिति की चर्चा की।
इस दौरान वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को सम्मानित किया गया। शक्तिनगर की शिक्षिका रेणु यादव को भी विधायक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रजनीश, शशिकला, अरुण शुक्ला, रामचंद्र सिंह, रामकेश, प्रभात, राकेश, अब्बूल, अबदार, मंजू देवी, शिवसागर, संध्या सिंह, रंजू मौर्या मौजूद रहीं।