सोनभद्र। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के बैजू बाबा मंदिर के समीप रविवार को संदिग्ध हाल में पेड़ से आरपीएफ जवान मनोज कुमार सिंह (30) का शव लटकता मिला। जानकारी होने पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। एएसपी विनोद कुुमार और सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वीडियो कैमरे की नजर मेें दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने घटना के खुलासे के लिए सीओ की अगुवाई में पांच टीमें लगा दी हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार की सुबह करीब नौ बजे कुछ लोगों ने मिर्जापुर जिले की सीमा से सटे बैजू मंदिर के समीप जंगल में पेड़ से गमछे के सहारे एक युवक का शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौकेे पर दलबल के साथ चौकी इंचार्ज ने पहुंच कर शव उतरवाया। जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान चंदौली जिले के बबुरी गांव निवासी भास्कपुर निवासी मनोज कुमार सिंह पुत्र जिलेदार यादव के रूप में हुई। वह आरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर चोपन में तैनात थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की बाइक व बैग समेत अन्य सामान मिला। पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद कोतवाल अविनाश चंद्र सिन्हा भी पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। कोतवाल ने कहा कि मृतक के परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के बड़े पिता सूबेदार सिंह के मुताबिक शनिवार की सुबह मनोज घर से करवनिया गांव स्थित अपने बुआ के घर गया था। वहां से दोपहर एक बजे चोपन के लिए बाइक से निकला। शाम चार बजे परिजनों से बात हुई, उसके बाद मोबाइल बंद हो गया। बातचीत न होने के कारण परिजन परेशान हो गये और अन्य संभावित लोगों के द्वारा पता करने लगे। लेकिन पता नहीं चला। रविवार को शव पेड़ से लटकता मिला। कोतवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा। शव का पीएम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया है। एसपी ने सीओ सिटी राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में सदर कोतवाल, सुकृत चौकी इंचार्ज, स्वाट टीम प्रभारी, सर्विलांस प्रभारी और एसओजी प्रभारी को मौत का खुलासा करने के लिए लगा दिया है।