जिले में सड़कों की बदहाली बीजपुर की यात्रा करने वालों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन सड़कों पर खराब हो रहे हैं। रोडवेज ने बीजपुर जाने वाली बसाें को 25 किमी पहले ही रूकने का निर्देश जारी कर दिया है।
दो बसे बनारस, एक मिर्जापुर आती-जाती थीं जो इस समय बीजपुर तक न आकर बखरिहवा में खड़ी हो रही हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। बीजपुर से बखरिहवा तक मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है।
लोग प्राइवेट बस का सहारा लेने को विवश हो रहे है। रिहंद परियोजना, आवासीय परिसर बीजपुर, डोडहर, सिरसोती, नेमना, जरहा, खम्हरिया, पिंडारी सहित अन्य क्षेत्र के यात्रियों को रोडवेज बस पकड़ने के लिए 25 किलोमिटर दूर बखरिहवा जाना पड़ रहा है।
सड़क काफी खराब है। जिसकी वजह से गाड़ियों की मरम्मत कराने में दिक्कत होती है। इस कारण बीजपुर तक बसें नहीं जा रही हैं। इससे उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। आगे जो निर्देश होंगे, उसके मुताबिक निर्णय लिया जाएगा।
-विश्राम, एआरएम