सोनभद्र। जिले के आदिवासी बहुल पांच गांवों में लगभग 13 करोड़ से सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन योजना के तहत चयनित (कलस्टर) गांव की सड़कें भी चिह्नित की गई हैं। सड़कों की मरम्मत एवं नवनिर्माण होने से इन गांवों में आवागमन की सुविधा आसान हो जाएगी। अभी खराब सड़कों की वजह से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए शासन की तरफ से धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग की तरफ से सड़क निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियाें की मानें तो डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना के तहत इन सड़कों का कार्य कराया जाएगा। करीब 230 लाख से नई बाजार निसोगी मऊकला विजयगढ़ दुर्ग होते हुए अमिलाधाम मार्ग के किमी 19 से कोदई गोंड बस्ती (मुरैला) संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य होगा। वहीं मरकुड़ी बघमा मार्ग के किमी दो से दाएं तरफ प्राथमिक विद्यालय/आंगनबाड़ी केंद्र से चेरुई गोंड बस्ती संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य पर करीब 292.64 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह नई भदई अरार संपर्क मार्ग (पीएमजीएसवाई) के किमी 26 से बाएं खरवार चेरो बस्ती होते हुए मछन्दर बाबा (पल्हारी) संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण कार्य पर लगभग 280.85 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं करीब 313.11 लाख की लागत से नई भदई अरार संपर्क (पीएमजीएसवाई) के किमी 28 से बाएं पल्हारी में गोंड बस्ती संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
क्लस्टर गांव चेरुई में राजकीय हाईस्कूल से होते हुए चेरो बैगा बस्ती मरकुडी तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य होगा। इस मार्ग के मरम्मत एवं निर्माण पर कुल करीब 174.86 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह से कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड द्वितीय को कुल पांच संपर्क मार्ग के निर्माण पर 13 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
सड़कों की मरम्मत कार्य की प्रक्रिया चल रही है। संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा। - गोविंद प्रसाद यादव, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड द्वितीय