सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी गांव में रविवार की रात बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने नकदी सहित लाखों के आभूषण चुरा ले गए। चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मौका मुआयना कर कार्रवाई में जुट गई है।
रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी निवासी गोपाल साह अपने परिवार के सदस्यों के साथ शनिवार को किसी काम से कोचस (बिहार) गए हुए थे। घर में ताला बंद था। इसी बीच रविवार की सुबह पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पर देर शाम घर पहुंचे लोगों ने तलाशी की तो घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा मिला और घर में रखे हुए बाक्स, अलमारी, अटैची आदि सामान बिखरा हुआ था। तलाशी लेने पर पता चला कि घर में रखा हुआ लगभग 70 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी सोने का झुमका, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की बाली, पायल आदि चोरी हो गया है। सूचना पर पहुंची रायपुर थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की बात कही। हालांकि पूर्व में हुई चोरियों का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। चोरी का खुलासा नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश का माहौल है।