नगवां ब्लॉक में मड़पा मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क।
- फोटो : SONBHADRA
पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश से नगवां ब्लाक में स्थित नयनदह और कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पानी का दबाव बढ़ने से पहाड़ी क्षेत्र के 11 रपटे बह गए हैं और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मड़पा गांव के पास नयनदह नदी का रपटा क्षतिग्रस्त हो गया है और उसके ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा है। आसपास के ग्रामीण जान जोखिम में डालकर रपटा पार कर रहे हैं। बारिश के चलते सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दो साल पूर्व नयनदह के रपटे पर ट्रैक्टर बह गया था।
नगवां ब्लॉक में स्थित नयनदह नदी, कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्लॉक के चरगड़ा और मड़पा के बीच स्थित नयनदह नदी पर बना रपटा बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थिति यह है कि नदी की तेज धारा रपटे के ऊपर से बह रही है और लोग जान जोखिम में डालकर बाइक, साइकिल के साथ नदी को पार कर रहे हैं। इसी तरह देवहार और नौडिहां गांव के पास स्थित रपटा तेज बारिश से बह गया है। चरगड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान युसूफ अली अंसारी और मड़पा के ग्राम प्रधान अमृत लाल यादव ने बताया कि चरगड़ा, मड़पा, नौडिहा और देवहार के बीच 11 रपटे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में तमाम गांवों की सड़कें बारिश में बह गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दोनों प्रधानों ने बताया कि नयनदह नदी पर पुल बनवाने की मांग कई बार जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, नगवां के खंड विकास अधिकारी मोहम्मद तारिक ने कहा कि उन्हें सड़क और रपटे क्षतिग्रस्त होने की कोई जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार मरम्मत, निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।