शक्तिनगर। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार राजू बियार (30) की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार रात शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस के समझाने और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। शनिवार शाम बीना क्षेत्र स्थित सीएचपी शिव मंदिर मार्ग पर एक ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार घरसड़ी ने राजू बियार (30) निवासी घरसड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव लेकर परिजन और ग्रामीण मुख्य मार्ग पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की और ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।