रेणुकूट के हिंडाल्को कॉलोनी निवासी आलोक पांडेय (25) पुत्र मनोज पांडेय और युवराज सिंह (26) पुत्र सरिता सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ रविवार को पिकनिक मनाने हाथीनाला पार्क जा रहे थे। कुल छह युवक तीन बाइक पर सवार थे। दो बाइक सवार आगे निकल गए, जबकि एक बाइक पर मौजूद आलोक और युवराज पीछे ही रह गए। हथवानी गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कोयला लदी ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
सड़क पर गिरे युवकों को कुचलते हुए ट्रेलर आगे निकल गया। युवकों का सिर व पेट के नीचे के हिस्सा कुचलने के कारण सड़क पर बिखर गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान कर घरवालों को जानकारी दी। बीच सड़क पर हादसे के कारण पुलिस ने हाथीनाला तिराहा और मुर्धवा मोड़ पर ही वाहनों को रोक दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। हाथीनाला थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
हाथीनाला थाना क्षेत्र में रविवार की रात डाक पार्सल लदा वाहन विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में पार्सल वाहन में सवार एक युवक की मौत हो गई। डाक पार्सल लेकर रेणुकूट की ओर जा रहा वाहन सामने से आ रही कोयला लदी ट्रेलर से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर के बाद ट्रेलर ने एक अन्य कार में भी टक्कर मार दी।
हादसे में डाक पार्सल वाहन में सवार विवेक मिश्रा (28) पुत्र प्रेम नारायण मिश्रा लालपुर निगोहा लखनऊ गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे दुद्धी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से रात में ट्रामा सेंटर बीएचयू ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।
पन्नूगंज थाने से सौ मीटर पहले राबर्ट्सगंज-खलियारी शनिवार की रात सड़क हादसे में केतार गांव के पूर्व प्रधान के बेटे की मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शनिवार की रात करीब आठ बजे पन्नूगंज थाने से महज सौ मीटर दूरी पर एक वाहन बाइक सवार इंद्रमणी उर्फ बबलू (24) को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल भेज दिया। यहां से भी डॉक्टरों ने घायल को ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बबलू के पिता रामदुलारे केतार गांव के प्रधान रह चुके हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतक के परिजनों की तहरीर आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।