सोनभद्र जिले में विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह गांव के पास दर्दनाक हादसा हुआ। एक बाइक खड़े ट्रैक्टर में पीछे से घुस गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
सोनभद्र जिले में विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह ग्राम पंचायत में कर्बला के पास मंगलवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से दो बाइक टकरा गईं। हादसे में घिवही निवासी 23 वर्षीय कमले की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू बीजपुर के खम्हरिया निवासी रामशकल पनिका घायल हो गया। कमलेश की शादी चार माह पहले ही हुई थी।
विज्ञापन
कमलेश और रामशकल अलग-अलग बाइक से विंढमगंज से निकले थे। कमलेश अपने घर घिवही जा रहा था, जबकि रामशकल अपनी ससुराल केवाल जा रहा था। कर्बला के पास अंधेरा होने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर कमलेश को दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक पीछे से ट्रैक्टर में जा भिड़ी।
विज्ञापन
टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।इसी दौरान पीछे से आ रहे रामशकल ने बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसकी बाइक भी ट्रैक्टर से टकरा गई। वह भी घायल हो गया। रास्ते से गुजर रहे सलैयाडीह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किशु ने गंभीर रूप से घायल कमलेश को बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया।
चिकित्सक सतेन्द्र प्रसाद ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
कमलेश का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चार माह पहले हुई शादी के बाद नवविवाहिता पत्नी का सुहाग उजड़ने से परिवार में मातम पसरा है।