कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते राईस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर जो धान क्रय किया जाता है उसमें चावल की रिकवरी 100 किलो धान के सापेक्ष 55 से 60 प्रतिशत चावल सहित उपलब्ध हो रहा है। वहीं लगभग 60 से 65 प्रतिशत टूटन निकल रहा है जबकि मिलर्स को 100 किलो धान के सापेक्ष 67 किलो चावल की रिकवरी देनी पड़ती है। उसमें भारतीय खाद निगम केवल 25 प्रतिशत ही टूटन लेता है। उन्होंने अधिकारियों की कमेटी बनाकर अपने सामने किसी मिल में 100 क्विंटल धान की कुटाई कराने की मांग की। कहा कि इससे खुद पता चल जाएगा कि धान की कुटाई में कितना टूटन हो रहा है और कितनी रिकवरी संभव है। प्रदर्शन कर रहे मिलरों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कुटाई के लिए धान का उठान बंद करने की भी चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में तेजबली सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, अश्वनी सेठ, कुंवर सिंह, राजवंश, संतोष, राजू, अमरेश, पोषण चंद, प्रमोद, प्रदीप, रत्नेश, राकेश प्रकाश चंद, भरत, बेचन आदि शामिल रहे।