राजकीय महिला कालेज में मतदाता जागरूकता रैली में शामिल छात्राएं।
राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली छपका गांव होते हुए वापस महाविद्यालय में पहुंचकर सभा के रूप में तब्दील हो गई। इस दौरान छात्राओं ने ग्रामीणों को मतदान और वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने को लेकर जागरूक भी किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा. राजीव मोहन ने छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभा का शुभारंभ दीप जलाकर और सरस्वती गीत से हुआ। प्राचार्य ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहा है। इसके तहत छूटे हुए लोगों का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराना है। प्राध्यापक डा. मंजूषा राय, डा. दिलीप कुमार सिंह, डा. वंदना, डा. गिरीश कुमार और डा. कुसुमलता ने भी विचार व्यक्त किया।
ओबराः राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवायोजना तथा ग्राम स्वराज समिति, गरिमा परियोजना, यूनीसेफ द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मतदाता जागरूकता अभियान तथा महिलाओं की स्थिति पर विशेष व्याख्यान दिए गए। मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक ने मतदाता बनने के विषय में चर्चा की। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. आईबी सिंह ने प्रेरणा दिया कि वे कैसे मतदात बन कर अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकते हैं। महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. जीएन दबे ने महिला मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डा.सुनील कुमार ने किया एवं धन्यवाद जयेंद्र कुमार ने दिया।