मिर्जापुर-सोनभद्र से सपा की एमएलसी प्रत्याशी रामलली मिश्रा बुधवार को
तामझाम के साथ सपा जिला कार्यालय पहुंची। विधायक विजय मिश्रा के साथ
रामलली टिकट मिलने के बाद पहली बार सोनभद्र बैठक में हिस्सा लेने आई थी। दो
बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं और मौजूदा जिला पंचायत सदस्य रामलली
बैठक के अंत तक शांत रहीं।
विधायक विजय मिश्रा पत्नी के पक्ष में हाथ
जोड़कर अनुनय विनय करते दिखे। प्रत्याशी ने भी अपने पक्ष में वोट दिलाने की
अपील की। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें, असहले और ताम-झाम की आम जनता में
खूब चर्चा होती रही।मासिक बैठक में सोनभद्र-मिर्जापुर विधान परिषद
सदस्य (एमएलसी) प्रत्याशी रामलली मिश्र की जीत को लेकर सपाजनों ने रणनीति
बनाई।
सदर विधायक एवं सपा जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के
मुखिया मुलायम सिंह ने एमएलसी पद के लिए रामलली मिश्र को प्रत्याशी बना कर
यह साबित कर दिया है कि सपा सभी वर्ग को एक साथ लेकर चलती है।
उन्होंने सभी
प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला
पंचायत सदस्यों से पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मत देने की अपील की।
सपा विधायक विजय मिश्र ने कहा कि सपा में जाति का भेदभाव नहीं है। कहा कि
प्रत्याशी जीतने के बाद प्राथमिकता के आधार पर सोनभद्र का विकास कराएंगी।
इसके बाद विजय मिश्रा का काफिला एक होटल पहुंचा। यहां चाय नाश्ते के बाद
कार्यकर्ताओं में मिठाइयां बांटी गई। चूंकि बाहुबली एवं बसपा के मौजूदा
एमएसली श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह के भाई त्रिभुवन सिंह बसपा के
टिकट से एमएलसी का चुनाव लड़ रहे हैं, इस नाते मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा
है।
सपा की लाख कोशिशों के बावजूद विनीत सिंह, प्रमिला सिंह को जिला
पंचायत मिर्जापुर की कुर्सी पर दूसरी बार बैठाने में सफल रहे हैं। ऐसे में
एमएलसी चुनाव को लेकर यहां साम, दाम दंड भेद सब कुछ होने की बातें आम लोगों
की जुबान पर तैररही हैं।
बैठक में विधायक रमेश दूबे, रामप्यारे सिंह
पटेल, राजिक अली, गोपीनाथ गिरी, लवकुश प्रजापति, मो. सईद कुरैशी, इम्तियाज
अहमद, पंकज पटेल, मनी चंद्र कन्नौजिया, बबली, अनिल कुमार गोड़, केदार यादव,
श्यामबिहारी यादव, नरेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।