पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमले के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र
संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को राबर्ट्सगंज में जुलूस निकाला और
केंद्र और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद दोनों देशों के
प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
रामलीला मैदान में सभा कर सवाल उठाया कि
आखिरकार देश का चौकीदार कहां है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के
कार्यकर्ताओं ने रविवार की दोपहर में राबर्ट्सगंज के मेन चौक से जुलूस
निकाला। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी, नवाज शरीफ और आतंकवाद मुर्दाबाद
के नारे लगाए।
जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर नगर के रामलीला मैदान
गेट पर पहुंचा, जहां भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों नरेंद्र मोदी और
नवाज शरीफ का पुतला दहन किया गया। इसके बाद हुई सभा में संगठन के
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी पाक के कदमों में सिर झुका
कर पाक को सह दे रहे हैं।
इससे आए दिन आतंकी घटनाएं हो रही हैं। पूछा कि
आखिरकार खुद को देश का चौकीदार कहने वाले प्रधानमंत्री मोदी अब कहां हैं।
बार्डर पर हो रहे आतंकी हमलों से भारत के जवान शहीद हो रहे हैं। इसकी
चिंता प्रधानमंत्री को नहीं है।
वे उल्टे पाकिस्तान प्रधानमंत्री के साथ
दोस्ती बढ़ाकर यहां के जवानों और शहीदों की विधवाओं का अपमान कर रहे हैं।
जिला सचिव आकाश कुमार सोनू और पूर्व सचिव सत्यम मिश्रा ने कहा कि पठानकोट
एयरबस पर आतंकी हमले में देश के चार जवानों को शहीद होना पड़ा।
वहीं दूसरी
तरफ केंद्र सरकार गूंगी और बहरी की भूमिका निभा रही है। नगर अध्यक्ष
अतुल चौबे, दिलीप सोनी और अवधेश वर्मा ने भारत में हो रही आतंकी घटनाओं की
निंदा करते हुए केंद्र सरकार से इस पर अंकुश लगाने की मांग की।
प्रदर्शन
करने वालों में आशीष सिंह, शनी सिंह, अमन पांडेय, रोशन लाल यादव, नमित
तिवारी, आदर्श सिंह, इमरान खां, वसीम खां, आनंद पांडेय, प्रांजल सिंह, शुभम
चौबे, अभय वर्मा, फैज खां, सुमित यादव, राहुल केशरी, राजकुमार, विनायक
बरनवाल आदि रहे।