सोनभद्र। बिल्ली मारकुंडी स्थित श्री कृष्णा माइनिंग की खदान में हादसे के बाद से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन मंगलवार को दोपहर बाद थम गया। राहत कार्य में लगी टीमों ने करीब 70 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे सात मजदूरों के शव बाहर निकाले।
पूरी तरह मलबा हटाने के बाद डॉग स्क्वाॅड के माध्यम से पूरे क्षेत्र को खंगाला गया। अंदर किसी के न दबे होने की पुष्टि के बाद डीएम ने दोपहर करीब 2 बजे ऑपरेशन खत्म करने की घोषणा की। उन्होंने दावा कि सात लोग मलबे में दबे थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया है। अब अंदर कोई नहीं है।
खदान में 15 नवंबर की अपराह्न करीब ढाई बजे डि्रलिंग के दौरान बड़ी चट्टान धंस गई थी। इससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुल 18 मजदूर उस वक्त काम कर रहे थे। इसमें से 15 के मलबे में दबने की आशंका जताई गई थी। हालांकि 70 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में सात शव ही बरामद हुए।
छह शवों की पहले ही पहचान हो गई थी। क्षत-विक्षत सातवें शव की शिनाख्त मंगलवार को पनारी के टोला करमसार निवासी कृपाशंकर के रूप में हुई। शव बाहर निकाले जाने के बाद एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम विवेक सिंह सहित खान सुरक्षा अफसरों की टीम मीडिया के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
डॉग स्क्वाड से आसपास खोज कराई गई। मशीनों से मलबे को उलट-पलट कर देखा गया। अंदर किसी के न हाेने से पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद टीम बाहर आई। इसके बाद जिला प्रशासन ने रेस्क्यू बंद किए जाने की घोषणा की।
-
वर्जन...
मलबे से कुल सात शव बरामद हुए हैं। अफसरों की टीम ने सबके सामने मलबे को दो बार उलट-पलट कर अच्छी तरह देखा। अंदर किसी अन्य के जीवित या मृत होने की संभावना नहीं है। सभी के आश्वस्त होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद करने का निर्णय लिया गया है। -बद्रीनाथ सिंह, डीएम।
यह अभियान काफी कठिन था। बचाव दल ने बेतहर ढंग से काम किया। मलबे से सात शव बरामद हुए हैं। सभी टीमों ने अच्छी तरह से जांच पड़ताल की है। अंदर अब कोई अवशेष नहीं है। ऐसे में यह अभियान बंद किया जा रहा है। - अभिषेक वर्मा, एसपी।
मलबे से इनके शव बरामद हुए-
1. राजू सिंह गोंड (28) निवासी ग्राम परसोई, टोला अमरिनिया थाना ओबरा।
2. रवींद्र गोंड (25) निवासी पिपरखाड़ थाना कोन।
3. इंद्रजीत यादव (34) निवासी ग्राम पनारी, टोला करमसार, थाना ओबरा।
4. संतोष यादव (32) निवासी ग्राम पनारी, टोला करमसार, थाना ओबरा।
5. रामखेलावन (35) निवासी ग्राम पनारी, टोला खड़री, थाना ओबरा।
6. गुलाब खरवार उर्फ मुंशी (32) निवासी ग्राम परसोई, टोला रोहिनहवा, थाना ओबरा।
7. कृपाशंकर खरवार (30) निवासी ग्राम पनारी, टोला खड़री, थाना ओबरा।
-