जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को मांची वन रेंज के देवरी बीट स्थित खैरटिया के जंगल में जबरदस्ती अवैध कब्जा हटा दिया। टीम ने जेसीबी से कच्चे मकानों को ढहा दिया।
इस दौरान महिलाएं विरोध करते हुए नारेबाजी करनी शुरू कर दी मगर महिला पुलिस ने जबरदस्ती उन्हें हटा दिया।
देवरी बीट के खैरटिया के जंगल में विगत कई वर्षों से दुबेपुर और आसपास के ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया था।
ग्रामीणों ने वन विभाग की खाली पड़ी जमीन पर कब्जा कर उस पर कच्चे मकान और मड़हा लगा दिया। साथ ही भूमि का समतलीकरण कर उस पर खेती भी शुरू कर दी।
कई बार वन विभाग की टीम ने हुए अतिक्रमण को हटाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते उनकी नहीं चली। ऐसे में वन विभाग ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा।
वन प्रभाग के एसडीओ पीके सिन्हा, तहसीलदार सदर योगेंद्र सिंह, सीओ सच्चिदानंद के साथ सोमवार को मांची, रायपुर, शाहगंज और पन्नूगंज पुलिस और पीएसी के जवान खैरटिया गांव में पहुंचे। साथ में महिला पुलिस भी रही।
टीम ने मौके से वन विभाग की जमीन खाली कराई। उधर, ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन दोतरफा कार्रवाई कर रहा है। कुछ ही लोगों का अतिक्रमण हटाया गया है। ज्यादातर लोगों का कब्जा अब तक नहीं हटाया गया।