राबर्ट्सगंज नगर में स्थित श्रम प्रवर्तन कार्यालय पर मंगलवार को रजिस्ट्रेशन नहीं होने से नाराज श्रमिक आपा खो बैठे। वे संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
इस बात की जानकारी होने पर सदर विधायक अविनाश कुशवाहा मौके पर पहुंच गए। श्रमिकों की समस्या को सुनने के बाद विधायक ने अधिकारियों से वार्ता की। साथ ही श्रमिकों को समझा बुझाकर शांत कराया।
सुबह करीब आठ बजे दूर-दराज से सैकड़ों श्रमिक खुद का पंजीयन कराने के लिए श्रम प्रवर्तन कार्यालय पहुंचे। दस बजे दफ्तर खुला तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों ने श्रमिकों को बिजली आने के बाद रजिस्ट्रेशन होने की बात कहीं।
सुबह करीब 11 बजे कड़ी धूप में लाइन लगा कर खड़े श्रमिकों को गुस्सा फूट पड़ा और वे हंगामा करने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
इसकी जानकारी मिलते ही साढ़े 11 बजे सदर विधायक अविनाश कुशवाहा समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और नाराज श्रमिकों को समझा, बुझाकर शांत कराया।
विधायक ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी से सपा सरकार की ओर से श्रमिकों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली और उन्हें श्रमिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए हिदायत दी।
विधायक ने मोबाइल से डीएम से श्रम प्रवर्तन कार्यालय को सरकारी भवन में स्थापित करने के बाबत बात भी की। इस मौके पर मन्नू पांडेय, प्रमोद यादव, महफूज, संजय सिंह मौजूद रहे।