नियमों को ताक पर रखकर ऊर्जांचल से गुजरे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग और कोयला खदान क्षेत्र में की जा रही जिला पंचायत की वसूली का मामला सोमवार को खासा गरमा उठा।
ऊर्जांचल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने दुद्घी विधायक रूबी प्रसाद और निवर्तमान प्रमुख संजय यादव से मुलाकात कर वसूली पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि सत्ता पक्ष के कुछ लोगों के संलिप्त होने के नाते पुलिस और प्रशासन इस मामले में गंभीर नहीं हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एपी मिश्र ने विधायक को ज्ञापन और वसूली के प्रावधानों की कापी सौंपी। कहा कि हाइवे पर वसूली पर पूरी तरह से प्रतिबंधित है। कोयला खदान क्षेत्र में भी वसूली स्थल नहीं बनाया जा सकता है। बावजूद नियमों को ताक पर रखकर वसूली हो रही है।
नियम, प्रावधान को दरकिनार कर रोजाना के औसत पर बिना टेंडर के वसूली का ठेका सपा के ही एक नेता खेमे को दे दिया गया है। गोपाल सिंह, भगवती यादव, धर्मेंद्र गुप्ता, लाले बैसवार, सुरेंद्र मिश्रा, प्रदीप बैसवार, केके यादव, रामलखन यादव, राजेश सिंह, मुकेश सिंह, रेणुकूट से हेमंत सिंह आदि ने भी वसूली बंद कराने की मांग की।
विधायक रूबी प्रसाद का कहना है कि यह प्रकरण उनके विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। अपनी एरिया में वह किसी भी हाल में नियम विपरीत वसूली नहीं होने देंगी। आसनडीह में वसूली बंद करवा दी गई है। अनपरा-शक्तिनगर एरिया को लेकर भी वह एक-दो दिन में डीएम से मुलाकात करेंगी। जरूरत पड़ी तो वह इस प्रकरण को पंचायत राज मंत्री के सामने भी रखेंगी।