वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग का निर्माण कार्य बगैर पूर्ण कराए चेतक कंपनी द्वारा टोल टैक्स वसूल करने का मामला तूल पकडने लगा है। इस पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल सीडीओ को मांगपत्र सौंपा। भाजपाजनों ने वसूली पर तत्काल रोक न लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे ने कहा कि जब तक राजमार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होता तब वसूली नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन की शह पर चेतक कंपनी द्वारा अवैध ढंग से वसूली की जा रही है, इस पर रोक लगनी चाहिए। ऐसा न होने पर जनता के साथ पार्टी वसूली के विरोध में सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी।
काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री गोविंद यादव ने कहा कि दुद्धी एसडीएम ने साजिश के तहत पंचायत चुनाव के प्रभारी माला चौबे के खिलाफ केस दर्ज करवा कर साबित कर दिया है कि जिले के प्रशासनिक अधिकारी सत्ता पक्ष के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। कहा कि माला चौबे के ऊपर दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस लिए जाएं। पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने कहा कि नियमों को ताख पर रख कर चेतक कंपनी वसूली कर रही है। इस मौके पर अनूप तिवारी, चंद्रकांत द्विवेदी, धरमवीर त्यागी, आनंद आदि रहे।