घोरावल क्षेत्र में खाद बीज की दुकान की जांच करते जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। यूरिया की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम एस. राजलिंगम की ओर से गठित टीमों ने मंगलवार को उर्वरक की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी ने एक दुकान पर डंप कर रखी गई 141 बोरी यूरिया सीज कर दिया। अभिलेख दुरुस्त न मिलने पर तीनों दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा टीमें दुकानों से उर्वरक के 15 नमूने भी लिए।
डीएम के निर्देश पर कृषि विभाग की ओर से यूरिया की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। ताकि किसानों को निर्धारित दर पर जरूरत के अनुसार उर्वरक मिल सके । बावजूद इसके जिले में यूरिया की किल्लत बनी हुई है। सख्ती के बाद भी कई दुकानदार चोरी-छिपे महंगे दर पर उर्वरक बेच कर किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। मंगलवार को राबर्ट्सगंज तहसील, दुद्वी और घोरावल तहसील क्षेत्र में तहसीलदार की अगुवाई में क़ृषि विभाग की टीम ने उर्वरक की दुकानों पर छापा मारा। इसकी भनक लगते ही अधिकांश दुकानदार शटर गिरा कर फरार हो गए। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय ने बताया कि तीनों तहसील क्षेत्रों में 2स3 उर्वरक विक्रेताओं के यहां छापेमारी कर स्टाक रजिस्टर आदि की जांच की गई है। इस दौरान 15 नमूने भी लिए गए। उन्होंने बताया कि घोरावल तहसील क्षेत्र के इमलीपुर गांव में तीन उर्वरक दुकानदारों के अभिलेख अपूर्ण मिलने पर लाइसेंस निरस्तर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि फूलवारी क्षेत्र में एक दुकानदार ने 141 बोरी यूरिया डंप कर रखा था। जांच करने पर पता चला कि दुकानदार महंगे दर बेचने के लिए उर्वरक रखा है, इसलिए सीज कर दिया गया। कृषि अधिकारी ने कहा कि महंगे दर पर उर्वरक, बीज आदि बेचने वालों को चिन्हित कर उनका लाइसेंस निरस्त करते हुए कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को पॉश मशीनों से ही विक्रय करने, बिक्री रजिस्टर आदि को दुरूस्त रखने का आदेश दिया है।